नाजायज औलाद के शक चलते पिता ने अपनी लड़की को उतारा मौत के घाट

2

इससे पहले दो अन्य लड़कियों को भी मारने का है शक

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव जयपुर निवासी गोवर्धन ने अपनी 11 वर्षीय लड़की को ससुराल ले जाते समय रास्ते में कैथल के गांव प्यौंदा के पास नहर किनारे मौत के घाट उतार दिया। उसकी कहानी किडनैपिंग की बनाकर डायल 112 पर पुलिस को कॉल कर दिया। लेकिन पुलिस जांच में आरोपी पिता पूछताछ के दौरान पकड़ा गया। मंगलवार को सफीदों के गांव जयपुर से कैथल पुलिस द्वारा आरोपी पिता गोवर्धन (40 )को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसने पूछताछ में सफीदों खंड के गांव मुआना के पास भी करीब 4 साल पहले अपनी दूसरी लड़की को भी मौत के घाट उतारने की बात पुलिस के सामने कबूली है। उस समय आरोपी पिता लड़की के बाइक से गिरकर मरने की घटना बताकर बच गया था। कैथल पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पिता अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों के शक के चलते दोनों बेटियों को अपनी नाजायज औलाद मानता था। जिस कारण उसने अपनी दोनों बेटियों को 4 साल के अंदर मौत के घाट उतार दिया। अब उसके पास एक लड़का है। गोवर्धन की तीसरी पांच माह की लड़की की साढ़े 4 साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर मौत हो गई थी। कहीं ना कहीं तीसरी लड़की के भी मरने के मामले में भी पुलिस पूछताछ करेगी। अब कैथल पुलिस गोवर्धन के जितने भी बच्चों की मौत हुई है, सभी मामलों को लेकर उससे पूछताछ करेगी कि आखिर उसने अपनी दोनों बेटियों को क्यों मारा। मंगलवार को गांव जयपुर में मृतक लड़की का दाह संस्कार कर दिया गया है। उधर दूसरी तरफ कैथल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया है।

Loading