कलश यात्रा के साथ हुआ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

4
Safidon News

सफीदों (एस• के• मित्तल) : प्राचीन शिव मंदिर कथा समिति के तत्वावधान में सफीदों शहर के दादा खेड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। शुभारंभ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र की असंख्य महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। कलश यात्रा ने पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय बना दिया। इस धार्मिक यात्रा में कथावाचक शिवाकांत शुक्ला महाराज का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्रीमद् भागवत ग्रंथ को सिर पर धारण कर आगे-आगे चल रहे थे और भजन-कीर्तन के साथ पूरे मार्ग में भगवान के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। कलश यात्रा मंदिर परिसर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुई। व्यास पीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कथावाचक शिवाकांत शुक्ला महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मनुष्य को धर्म, भक्ति और सत्कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने से मन को शांति, जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागृति प्राप्त होती है। कथा हमें जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने और भगवान के प्रति आस्था को मजबूत करने का संदेश देती है। आयोजक संस्था के प्रतिनिधि प्रवीन सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कथा आयोजन आगामी 28 फरवरी तक प्रतिदिन सायं 3 बजे से 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने आगे बताया कि महोत्सव के समापन अवसर पर 1 मार्च को प्रातः सवा 8 बजे हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात सवा 9 बजे होली महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा तथा दोपहर 12 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

Loading