पिता की 20वीं पुण्यतिथि पर बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री

2
बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित करते हुए समाजसेवी प्रवीन लांबा।
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : समाजसेवी प्रवीण लाम्बा ने अपने पिता स्व. दिलबाग लाम्बा की 20वीं पुण्यतिथि पर अपने पैतृक गांव हरिगढ़ स्थित राजकीय मिडिल स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री और खेलकूद का सामान वितरित किया। उन्होंने बच्चों को कॉपियां, पेन, पेंसिल, ड्राइंग सामग्री सहित अन्य जरूरी स्टेशनरी वितरित की। इसके साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेल-कूद का सामान भी दिया गया, जिससे छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर विद्यालय परिसर में एक सादे लेकिन भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भी किया गया। सभा में विद्यालय के मुख्याध्यापक, शिक्षकों, विद्यार्थियों और उपस्थित ग्रामीणों ने स्व. दिलबाग लाम्बा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए समाजसेवी प्रवीण लाम्बा ने कहा कि उनके पिता हमेशा शिक्षा को सबसे बड़ा धन मानते थे। उन्होंने कहा कि पिताजी हमेशा कहते थे कि शिक्षा ही समाज की असली नींव है। उनकी पुण्यतिथि पर बच्चों के बीच आकर मुझे जो आत्मिक शांति मिलती है, वह शब्दों में बयान नहीं की जा सकती। मेरा प्रयास है कि मैं उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंद बच्चों की हर संभव मदद कर सकूँ। विद्यालय के मुख्याध्यापक और शिक्षकों ने प्रवीण लाम्बा के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे हर वर्ष बिना किसी नागा के स्कूल में आकर बच्चों की सहायता करते हैं। उनका यह कार्य न केवल बच्चों के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सेवा के लिए प्रेरित करता है।

Loading