सफीदों, (एस• के• मित्तल) : एचएसईबी वर्कर यूनियन सब डिवीजन सब अर्बन व सिटी डिवीजन सफीदों द्वारा केंद्रीय परिषद द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत एक गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। इस बैठक में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सब यूनिट सब अर्बन प्रधान नरेश देशवाल ने की, जबकि मंच का संचालन सब यूनिट सिटी सचिव जसबीर जांगड़ा द्वारा किया गया। गेट मीटिंग के दौरान कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार की नीतियों को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। कर्मचारियों का कहना था कि सरकार डीसी रेट कर्मचारियों की अस्थायी आईडी बनाकर उन्हें एचकेआरएन पोर्टल पर जबरन अपलोड कर रही है, जिसका एचएसईबी वर्कर यूनियन ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया कर्मचारियों के भविष्य और सेवा सुरक्षा के लिए उचित नहीं है। कर्मचारियों ने मांग रखी कि डीसी रेट कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर एचएमआरएस पोर्टल पर दर्ज किया जाए और उन्हें समान सुविधाएं प्रदान की जाएं। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को शीघ्र प्रभाव से नियमित किया जाए, ताकि उनके रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जब तक सरकार डीसी रेट कर्मचारियों को न्याय नहीं देती, तब तक केंद्रीय परिषद के आह्वान पर विरोध प्रदर्शन जारी रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूनियन कर्मचारियों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और किसी भी प्रकार के अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर अनिल पूनिया, राकेश चंद्र, सीताराम, जितेंद्र भारद्वाज, अनिल कुमार इंदल, सुनील पांचाल, सुमित मलिक, प्रदीप शर्मा, शंकर शर्मा, जोगिंद्र शर्मा, श्यामलाल बुरा, मोहनलाल सैणी, कपिल शर्मा सहित काफी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे और एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।
![]()











