गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर एसडीएम ने ली बैठक

32
Safidon Republic Day celebration
अधिकारियों की बैठक लेते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा

रामलीला मैदान में मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस समारोह

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को रामलीला मैदान में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल आगामी 24 जनवरी को निश्चित स्थान व समय पर होगी। कार्यक्रम की तमाम व्यवस्थाओं के लिए तहसीलदार नोडल अधिकारी होंगे। सभी अधिकारी अपनी डयूटियां जिम्मेदारी के साथ निभाना सुनिश्चित करें। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में उपमंडल स्तर पर 77वां गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध रूप से निर्वहन करना सुनिश्चित करें और समारोह को गरीमापूर्ण मनाने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी करें। एसडीएम ने शहर के सभी ऐतिहासिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर परिषद को सौंपी। वे समारोह स्थल, सभी चौक चैराहों पर साफ-सफाई व झाडियां कटवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समारोह स्थल पर रिहर्सल के दौरान बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने, स्वास्थ्य विभाग को समारोह स्थल पर एम्बुलैंस की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। सुलभ शौचालय की व्यवस्था जन स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में होगी। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समारोह स्थल पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां लगाएं। एसडीएम ने 24 व 26 जनवरी दोनों दिन सभा स्थल पर जनरेटर, एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। एसडीएम ने कार्यक्रम में झांकियां निकालने वाले विभागीय अधिकारियों को कहा की झांकियों का उद्देश्य एवं थीम सार्थक हो ताकि जनमानस में सरकार की उपलब्धियों का संदेश जाए। एसडीएम ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है। सभी इस त्यौहार एवं जश्न की तरह मनाएं। उन्होंने आमजन मानस से भी बढ़ चढ़-कर हिस्सा लेने का भी अनुरोध किया। गणतंत्र दिवस समारोह में सुबह 10 बजे मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण के बाद परेड़ का निरीक्षण किया जाएगा तथा उपमंडल वासियों को सम्बोन्धित करेंगे व भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इस दौरान पीटी-शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस अवसर पर तहसीलदार राजेश गर्ग, एसडीओ सिंचाई बिजेंद्र सिंह, बिजली विभाग से जेई सुरेश कुमार, कृषि विभाग से सुशील कुमारसहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Loading