सर्पदमन नाट्य उत्सव में चेखव की कहानियों ने बांधा समां

11
Safidon theatre festival
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में रास कला मंच द्वारा आयोजित सातवें सर्पदमन नाट्य उत्सव एवं सर्पदमन रास रत्न सम्मान समारोह के दूसरे दिन दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय साहित्य की उत्कृष्ट झलक देखने को मिली। इस अवसर पर महान रूसी नाटककार अन्तोन चेखव की तीन प्रसिद्ध कहानियों द सेडक्शन, सर्जरी और बैंक मैनेजर का प्रभावशाली मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी राम गोपाल अग्रवाल, गीतांजलि कंसल, सरुचि कंसल, कविता शर्मा, दीपक शर्मा तथा नितिन पाहवा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन करके किया। इन नाट्य प्रस्तुतियों का निर्देशन रवि मोहन द्वारा किया गया। मंच का संचालन डॉ. रुचि भारद्वाज ने किया। कलाकारों ने अपनी दमदार अभिनय शैली, संवाद अदायगी और भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। चेखव की कहानियों के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक व्यंग्य और मनोवैज्ञानिक गहराइयों को जीवंत रूप में मंच पर प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों को खूब सराहा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कलाकार आशीष पाठक, अंकित राज सोनल, अनीशा कुमारी, हर्षित, रौनक, मनोज, प्रियांश, मनोज कश्यप, मीना, दीपक शर्मा, योगिता, धर्मेश, सोनू, आकाश, प्रिया, कृष, अंकिता और वंशिता को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर सतबीर सिंह, विकास सूरी, रिम्मी, डॉ. हरीश, हरीश शर्मा, सरोज भाटिया व ऊषा बराड़ विशेष रूप से मौजूद रहे।

Loading