समाधान शिविरों में लोगों को मिल रही त्वरित राहत
जींद : उपायुक्त मोहम्मद इमरान रज़ा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना हरियाणा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देश पर जिले में हर सोमवार और गुरुवार को जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनसे नागरिकों को त्वरित राहत मिल रही है।
लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित सोमवार के समाधान शिविर में उपायुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पानी निकासी, सीवर, बिजली, राशन कार्ड तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी विलंब के किया जाए। शिविर में भिवानी रोड निवासी राकेश ने विकलांगता पेंशन, उचाना खुर्द निवासी सुल्ताना ने विधवा पेंशन, एक आवेदक ने राशन कार्ड दुबारा चालू करवाने तथा एक अन्य ने अपने घर पर बिजली मीटर लगवाने की मांग रखी। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य यही है कि सभी विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर मौजूद रहकर आमजन की शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। इन शिविरों में प्राप्त शिकायतों की स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जाती है, जिससे इनकी प्रभावशीलता और भी बढ़ जाती है। उपायुक्त ने आमजन से आह्वान किया कि वे इन समाधान शिविरों का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं सामने रखकर उनका निस्तारण करवाएं।
इस अवसर पर एसडीएम सत्यवान मान, सीटीएम मोनिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











