दो व्यापारियों से 40 लाख रुपए के गहने लूट कर ले गए चार लुटेरे

11

चांदी के गहनों की मार्केटिंग का काम करते हैं व्यापारी

सफीदों से जींद आ रहे थे लूट का शिकार हुए व्यापारी

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : जिले में चार व्यक्ति दो व्यापारियों से 40 लाख रुपए की चांदी लूट कर ले गए।‌ सफीदों सदर थाना पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जींद की श्याम नगर कॉलोनी निवासी सन्नी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह चांदी की अंगूठी और लॉकेट आदि बाजार में सप्लाई करने का काम करता है। वह चांदी की अंगूठी व लॉकेट दिल्ली की एक कंपनी से लाकर बेचता है। 26 जनवरी को वह और उसका पार्टनर संदीप वासी रामराय भैण उसके मोटरसाईकिल पर दो बैगों में चांदी की अंगुठी व लॉकेट लेकर असंध मार्केटिंग के लिये आये थे। असंध में उन्होंने 10 अलग अलग दुकानों पर माल दिखाया। एक दुकानदार ने माल खरीदा उसके बाद करीब 4 बजे सफीदों की मार्किट में 10 से 12 दुकानों की मार्केटिंग की। उसके बाद मोटर साईकिल खराब होने के कारण एक से दो घंटे लग गये करीब 10-11 बजे वह गांव बूढ़ा खेड़ा के नजदीक पंप के पास पहुंचे तो दो मोटरसाइकिलों पर चार आदमी थे। उन्होंने उनकी मोटरसाईकिल को रुकने का इशारा किया। रुकते ही एक लड़के ने सन्नी को लात मारकर गिरा दिया। मोटरसाईकिल सन्नी चला रहा था। मोटरसाईकिल गिरते ही दोनों मोटरसाईकिल वाले उनके बैग छीनकर भाग गये। दोनों बैगों में चांदी की अंगुठी व लॉकेट थे। दोनों बैगों में 11 किलो चांदी थी। लूट कर ले गए सामान की कीमत 40 लाख रुपए से ज्यादा बताई जाती है। सन्नी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि बूढ़ा खेड़ा के पास हुई इस लूट की वारदात के बाद वह पहले पिल्लूखेड़ा थाने में गए उन्हें लगा कि यह इलाका पिल्लूखेड़ा थाने में आता होगा, वहां उन्हें पता चला कि यह इलाका सफीदों सदर थाना इलाके में आता है। सफीदों सदर थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ डकैती का मामला दर्ज कर लिया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Loading