तिरपाल में ढकी गाड़ियों से हो रही थी अवैध सप्लाई, हवा से खुला राज; कृषि विभाग की रिपोर्ट पर पुलिस एक्शन की तैयारी
हरियाणा के सिरसा जिले में यूरिया की ब्लैक मार्केटिंग का बड़ा मामला सामने आया है। किसानों को समय पर खाद न मिलने की शिकायतों के बीच यह खुलासा उस वक्त हुआ, जब तिरपाल से ढकी एक गाड़ी का कवर हवा में उड़ गया और अंदर रखी यूरिया की बोरियां दिखाई देने लगीं। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया और मामले की जानकारी कृषि विभाग तक पहुंची।
कृषि विभाग की जांच में सामने आया कि यूरिया को नियमों को दरकिनार कर चोरी-छिपे लाया जा रहा था। तिरपाल ढककर इसे इस तरह ले जाया जा रहा था ताकि किसी को शक न हो। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और संबंधित दस्तावेजों की जांच की, लेकिन वैध कागजात पेश नहीं किए जा सके।
जांच के बाद कृषि विभाग ने पूरी रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को सौंप दी है। रिपोर्ट में ब्लैक मार्केटिंग की आशंका जताई गई है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की गई है। विभाग का कहना है कि यूरिया जैसी जरूरी खाद की कालाबाजारी किसानों के साथ सीधा अन्याय है और इससे खेती पर गंभीर असर पड़ता है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भारी रोष देखा गया। किसानों का कहना है कि एक तरफ उन्हें समय पर यूरिया नहीं मिल पा रही, दूसरी तरफ माफिया इसे ऊंचे दामों पर बेचने के लिए अवैध तरीके से भंडारण और सप्लाई कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और खाद की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद वितरण पर निगरानी और सख्त की जाएगी। भविष्य में इस तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों, ट्रांसपोर्टरों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
![]()











