सोनीपत में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सोमवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। STF ने लंबे समय से सक्रिय और खतरनाक माने जाने वाले गोदारा गैंग के सात शूटरों को विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। यह सभी आरोपी किसी बड़े टारगेट को अंजाम देने की तैयारी में थे। STF को गुप्त सूचना के आधार पर जिस ठिकाने पर छापेमारी की गई, वहीं से इन शूटरों को दबोचा गया।
जांच अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवकों के पास से विदेशी पिस्टल, कई मैगज़ीन और लगभग 200 लाइव कारतूस मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गैंग का मुख्य संचालक पिछले कुछ महीनों से हथियार इकट्ठा करने में लगा हुआ था। उसने अलग-अलग राज्यों से संपर्क कर ये हथियार तस्करों के जरिए मंगवाए थे। STF का मानना है कि गैंग किसी खास व्यक्ति या कारोबारी पर हमला करने की फिराक में था, हालांकि इसकी पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी।
STF अधिकारियों ने बताया कि गैंग के सभी सदस्यों की सोशियल मीडिया एक्टिविटी और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। कई संदिग्ध नंबर और संभावित सप्लायरों की भी पहचान की जा रही है। पकड़े गए शूटरों ने पूछताछ में यह स्वीकार किया है कि वे गैंग की ओर से कई वारदातों में शामिल रहे हैं और उन्हें “बड़े लेवल के काम” के लिए तैयार किया जा रहा था।
गैंग का नेटवर्क हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली तक फैला बताया जा रहा है। STF का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में गोदारा गैंग लगातार हथियारों का स्टॉक बढ़ा रहा था, जो आने वाले समय में गंभीर खतरा बन सकता था। सभी सात आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और उनसे बरामद हथियारों के सप्लाई-सोर्स को खंगालने की कोशिश की जा रही है।
![]()











