श्रीमद् भागवत भक्ति और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है: शिवाकांत शुक्ला

11
spiritual discourse

सफीदों (एस• के• मित्तल) : प्राचीन शिव मंदिर कथा समिति के तत्वावधान में सफीदों शहर के दादा खेड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कथावाचक शिवाकांत शुक्ला महाराज ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान से जोड़ते हुए भागवत की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने से मन को शांति, जीवन को दिशा और आत्मा को परम आनंद की अनुभूति होती है। प्रवचन के दौरान कथा व्यास ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन धारण, कालिया मर्दन और रासलीला का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान की लीलाएं हमें प्रेम, करुणा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।  कथा सुनते समय श्रद्धालुओं ने राधे-राधे और जय श्री कृष्ण के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कथा व्यास ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में आध्यात्मिकता का महत्व और भी बढ़ गया है। भागवत कथा हमें अहंकार त्यागकर भक्ति और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने माता-पिता के सम्मान, सत्संग की महिमा और अच्छे संस्कारों के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद् भागवतम् को नियमित रूप से सुनने और पढ़ने से व्यक्ति को आध्यात्मिक सुधार महसूस हो सकता है, क्योंकि यह हृदय को शुद्ध करता है और पारलौकिक ज्ञान देता है। जब भक्तों के अंदर विश्वास, अनुराग और समर्पण का भाव होता है, तब ईश्वर क्षण भर भी भक्तों को प्रतीक्षा नहीं कराते और भक्त को दर्शन देते हैं।

Loading