6 साथियों के निलंबन के विरोध में आंदोलन तेज, सेवा बहाली तक धरना जारी रखने का ऐलान
भिवानी : जिले में पटवारियों का धरना लगातार जारी है, जिसके चलते तहसील कार्यालयों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पटवारियों ने अपने 6 साथियों के निलंबन के विरोध में आंदोलन तेज कर दिया है और साफ कहा है कि जब तक निलंबित कर्मचारियों की सेवा बहाली नहीं होती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
धरने पर बैठे पटवारियों का कहना है कि निलंबन की कार्रवाई एकतरफा और अन्यायपूर्ण है। बिना उचित जांच और सुनवाई के साथियों को सस्पेंड किया गया है, जो कर्मचारी हितों के खिलाफ है। इसी के विरोध में जिले भर के पटवारी एकजुट होकर तहसील परिसर में धरने पर बैठे हैं।
धरने के चलते जमीन की रजिस्ट्री, इंतकाल, जमाबंदी, फर्द और अन्य राजस्व संबंधी कार्य ठप पड़े हैं। आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोग जरूरी कामों के लिए तहसील के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही निलंबन वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य स्तर पर भी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जल्द से जल्द निलंबित साथियों को बहाल किया जाए।
वहीं प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि मामला उच्च स्तर पर विचाराधीन है।
![]()











