सफीदों विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ व सुपरवाइजरों की बैठक आयोजित

18
Voter List Revision
बैठक को संबोधित करते हुए चुनाव कानूनगों नरेश कुमार।
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को 35-सफीदों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर एवं निर्वाचन सुपरवाइजरों की बैठक नगर के सरला मेमोरियल महिला महाविद्यालय में आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कानूनगो नरेश कुमार ने उपस्थित सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को आगामी एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि एसआईआर के अंतर्गत मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिन्हें भरकर मतदाता अपने-अपने क्षेत्र के संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाएंगे।
 उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाता है, तो वह दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया के तहत पुनः आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में इंद्राज करवा सकता है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मताधिकार से वंचित होने से बचाना है। बैठक में निर्वाचन सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए कि वे बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी करेंगे। साथ ही यह भी तय किया गया कि बीएलओ द्वारा प्राप्त किए गए फार्मों में से कम से कम 10 प्रतिशत फार्मों की जांच-पड़ताल स्वयं सुपरवाइजरों द्वारा की जाएगी, ताकि कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। निर्वाचन कानूनगो नरेश कुमार ने बताया कि एसआईआर अभियान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को त्रुटि रहित, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने आम जनता से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता बढ़-चढ़कर भाग लें और समय रहते आवश्यक फार्म भरकर जमा करवाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रह जाए।

Loading