श्रद्धालु अनुष्ठान में सहभागिता कर पुण्य लाभ कमाएं : संजीव गौतम
सफीदों (एस• के• मित्तल) : आगामी चंद्र ग्रहण के अवसर पर नगर के ऐतिहासिक महाभारतकालीन नागक्षेत्र सरोवर पर विशाल हवन का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद के अध्यक्ष संजीव गौतम ने बताया कि नागक्षेत्र तीर्थ पर सायं 6:20 से 6:47 बजे तक हवन का आयोजन रखा गया है। जिसमें विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोचारण के बीच आहुति डलवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि हवन में आहुति देने और मंत्र जाप करने से मानसिक अशांति, चंचलता और तनाव से राहत मिलती है। ग्रहण के समय, प्रभाव और धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि ग्रहण का स्पर्श काल सायं 3:20 बजे से प्रारंभ होगा। इसके बाद 4:34 बजे खग्रास की स्थिति शुरू होगी, 5:03 बजे खग्रास मध्य और 5:32 बजे खग्रास का समापन माना जाएगा, जबकि ग्रहण का पूर्ण समाप्ति समय 6:47 बजे बताया गया है। उन्होंने बताया कि चंद्रोदय 6:20 बजे होगा और उसी के अनुसार सूतक काल 12 घंटे पूर्व प्रातः 6:20 बजे से प्रारंभ माना जाएगा, जिसके चलते मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाएंगे और धार्मिक नियमों का पालन किया जाएगा। विशेष रूप से उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में चंद्र ग्रहण का प्रभाव 6:20 से 6:47 बजे तक ही मान्य रहेगा। संजीव गौतम ने धार्मिक दृष्टि से ग्रहण काल को विशेष साधना और जप के लिए शुभ माना जाता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि ग्रहण काल के दौरान अपने गुरु मंत्र का जाप करें और मानसिक शांति के लिए ध्यान लगाएं। जिन लोगों की कुंडली में चंद्र ग्रहण दोष है, उन्हें सफेद वस्तुओं जैसे चावल, चीनी, सफेद वस्त्र और सफेद चंदन का दान करने की सलाह दी गई है। उनके अनुसार यह ग्रहण मेष, वृष, कर्क, सिंह, कन्या, धनु, मकर और कुंभ राशि के जातकों के लिए कष्टकारक माना जा रहा है, इसलिए इन राशियों के लोगों को विशेष सावधानी और पूजा-पाठ करने की आवश्यकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे नागक्षेत्र सरोवर पर आयोजन होने वाले इस हवन व पूजा-अर्चना में को बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे ग्रहण दोष से बचने के लिए घर में अन्न, जल, खाद्य पदार्थों, पूजा ग्रहण व अन्य स्थानों पर कुशा (डाभ) रखे।
![]()











