दुकान की सौदेबाजी कर सवा नौ लाख ठगे

3

पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला

 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : शहर थाना सफीदों पुलिस ने दुकान की सौदेबाजी कर 9.24 लाख रुपये हड़पने पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने, धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस को दी शिकायत में सफीदों के वार्ड चार निवासी सुशील ने बताया कि उसकी पीर बाबा के पास दुकान है। दुकान को लेकर गांव खेड़ा खेमावती अंकित तथा रवि उसके पास आए और दोनों ने बगल में पड़ी दुकान को खरीदने की बात कही। वह खुद की दुकान किराये पर देना चाहते हैं। उसका किराया आरोपियों ने एक लाख रुपये बताया। दुकान की रजिस्ट्री अंकित के नाम बताई। 15 सितंबर 2025 तक किरायानामा लिखवा लिया गया। कुछ समय के बाद अंकित उसके पास आया और कहा कि उसे दुकान को बेचना है, जिसके लिए 35 लाख रुपये कीमत रखी। इस पर उसने रुपये न होने की बात कही। फिर कुछ समय के बाद उसने सात लाख रुपये अंकित को दे दिए। बकाया राशि रजिस्ट्री के समय देने को कहा। फिर बाद में रजिस्ट्री बैंक में रखी होने की बात कहकर 2 लाख 24 हजार 200 रुपये और ले लिए। जनवरी 2026 में रवि दुकान पर आया और दुकान खाली करने के लिए कहा। जब उसने दुकान किरायानामा लिखवाने के दौरान एक साथ होने तथा दुकान अंकित के नाम होने की बात कही। आरोपियों ने उसके रुपये ब्याज समेत वापस देने की बात कही। आरोपी अब न तो रजिस्ट्री करवा रहे हैं और न ही उसके रुपये वापस लौटा रहे है। वह दुकान भी खाली करने का दबाव बना रहे हैं। जांच अधिकारी चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस ने अंकित तथा रवि के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Loading