दनौदा कलां कांड: जानलेवा हमले में एक और आरोपी गिरफ्तार

1
#AttackCase

पहले ही 7 आरोपी जा चुके हैं जेल, इलाज के दौरान एक युवक की हो चुकी है मौत

जींद : दनौदा कलां गांव में हुए सामूहिक झगड़े और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान नीरज निवासी दनौदा कलां के रूप में हुई है।
थाना सदर नरवाना के प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह ने बताया कि 20 अक्टूबर 2025 को चौकी दनौदा में शिकायतकर्ता अमर ने शिकायत दी थी कि उसके भानजे द्वारा पटाखा जलाने को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले थप्पड़ व मारपीट की। इसके बाद थोड़ी देर में करीब 15-16 लोगों का समूह लाठी, गंडासे और ईंटों से लैस होकर उसके घर पर पहुंचा और हमला कर दिया।
हमले में करीब 10-12 लोग घायल हो गए थे, जिन्हें नागरिक अस्पताल नरवाना, नागरिक अस्पताल जींद तथा गंभीर रूप से घायलों को पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती करवाया गया था। शिकायत के आधार पर थाना सदर नरवाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसी झगड़े में घायल रमलू निवासी दनौदा कलां की इलाज के दौरान 18 दिसंबर 2025 को पीजीआईएमएस रोहतक में मौत हो गई थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला जेल भेजा जा चुका है। वहीं 17 मार्च 2026 को उप पुलिस अधीक्षक उचाना के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज को गिरफ्तार किया और उसे अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया।

Loading