देवी-देवताओं के चित्र वाले पटाखों से बचें: अरविंद शर्मा

5
Diwali Festival

कहा : धार्मिक आस्था और मर्यादा का सम्मान करें

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : दीपावली के पर्व पर धार्मिक आस्था और मर्यादा का सम्मान करने की अपील करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला जींद सलाहकार अरविंद शर्मा ने नागरिकों से देवी-देवताओं के चित्रों वाले पटाखों से परहेज करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं के चित्र हमारी आस्था और श्रद्धा से जुड़े हैं, लेकिन पटाखे चलाने के बाद उनके डिब्बे और पैकेट सड़कों, गलियों तथा कूड़े के ढेर में पड़े दिखाई देते हैं। कई बार इन चित्रों पर लोगों के पैर भी पड़ जाते हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। अरविंद शर्मा ने कहा कि दीपावली प्रकाश, श्रद्धा और संस्कारों का पर्व है। ऐसे पावन अवसर पर हमें अपनी धार्मिक मान्यताओं और प्रतीकों की गरिमा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने पटाखा निर्माताओं, कंपनियों, वितरकों और विक्रेताओं से अपील की कि वे पटाखों के डिब्बों, पैकेजिंग और प्रचार सामग्री पर देवी-देवताओं के चित्रों का इस्तेमाल न करें। इसके स्थान पर ऐसी पैकेजिंग अपनाएं, जिससे धार्मिक प्रतीकों की मर्यादा बनी रहे। अरविंद शर्मा ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का उद्देश्य धार्मिक आस्था, संस्कारों और मर्यादाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि दीपावली पर खुशियां मनाने के साथ धार्मिक प्रतीकों का सम्मान करें और प्रकाश के इस पर्व को श्रद्धा, संस्कार एवं जिम्मेदारी के साथ मनाएं।

Loading