बाईपास पर अवैध हथियारों के साथ युवक गिरफ्तार, दो देसी पिस्तौल व 18 जिंदा कारतूस बरामद

1
#BreakingNews

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई, आरोपी लाइसेंस दिखाने में रहा नाकाम

जींद : सीआईए स्टाफ जींद ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को काबू किया है। आरोपी के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
सीआईए स्टाफ के इंचार्ज निरीक्षक अनुप सिंह ने बताया कि मुख्य सिपाही अनुप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव बडौदा में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध पिस्तौल लेकर बडौदा बाईपास उचाना कलां रोड पर खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां बताए गए हुलिये का एक युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह तेज कदमों से आगे बढ़ने लगा, लेकिन टीम ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पोनी निवासी गांव उचाना बताया। तलाशी के दौरान उसकी बाईं जेब से .315 बोर की देसी पिस्तौल और दाईं जेब से .32 बोर की देसी पिस्तौल बरामद हुई। जांच करने पर दोनों हथियारों से कुल 18 जिंदा कारतूस (3 .315 बोर व 15 .32 बोर) मिले।
आरोपी हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद हथियारों को नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया और आरोपी के खिलाफ थाना उचाना में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Loading