बार काऊंसील चुनाव में अधिवक्ताओं ने डाले वोट

7
Bar Council election

221 में से 194 अधिवक्ताओं ने की पोलिंग

सफीदों (एस• के• मित्तल) : सफीदों बार एसोसिएशन में पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य पद के चुनाव को लेकर बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ। अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जानकारी के अनुसार सफीदों बार में कुल 221 वोट हैं, जिनमें से 194 वोट पोल किए गए। मतदान प्रतिशत काफी अच्छा रहा। सफीदों बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुणाल अग्रवाल ने बताया कि मतदान प्रक्रिया सुबह 9 बजे शुरू हुई और शाम 4 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से जारी रही। इस चुनाव में परजाईडिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी उमेद सिंह ने निभाई। अधिवक्ताओं ने बैलेट पेपर के माध्यम से अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया। प्रत्येक मतदाता को 23-23 वोट डालने का अधिकार दिया गया, जिसके तहत उन्होंने अपने विवेक से उम्मीदवारों का चयन किया। बताया गया कि पंजाब और हरियाणा से कुल 157 उम्मीदवार इस चुनावी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प और प्रतिस्पर्धात्मक बन गया है। इन उम्मीदवारों में से 3 उम्मीदवार रजत गौतम, शर्मिला शर्मा और अमित देशवाल सफीदों से हैं। बता दें कि रजत गौतम सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम के पुत्र हैं। इसके अलावा, वे पहले भी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। मतदान के दौरान बार परिसर में पूरे दिन हलचल बनी रही। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुणाल अग्रवाल ने बताया कि सफीदों बार में यह चुनाव शांतिपूर्ण, पारदर्शी और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी की है।

Loading