आईएपी की बात- कम्यूनिटी के साथ कार्यक्रम आयोजित
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की सामाजिक संस्था जेसीआई दॉ ग्रेट एवं लीनस कल्ब सफीदों के संयुक्त तत्वावधान में नगर की पुरानी अनाज मंडी में आईएपी की बात- कम्यूनिटी के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इंडियन एकेडमी ऑफ प्रेडिटिरिक्स के जिलाध्यक्ष डॉ. लवकेश अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. लवकेश अग्रवाल ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। उन्होंने बचपन में बढ़ते मोटापे, एचपीवी वैक्सीन तथा बच्चों से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर सरल और वैज्ञानिक तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली और खानपान की आदतों के कारण बच्चों में मोटापा तेजी से बढ़ रहा है, जो आगे चलकर कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। डॉ. अग्रवाल ने एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह वैक्सीन मुख्य रूप से सर्वाइकल कैंसर और अन्य कैंसरों से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। यह टीका शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करके वायरस के संक्रमण को शुरुआती स्तर पर ही रोक देता है, जिससे लगभग 90 प्रतिशत तक कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से समय रहते बच्चों का टीकाकरण कराने की अपील भी की। अपने संबोधन में आयोजक संस्था की अध्यक्ष पूनम सिंगला मित्तल ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सही जानकारी लोगों तक पहुंचाना था। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम न केवल समाज को शिक्षित करते हैं, बल्कि स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हो रहे हैं। कार्यक्रम के समापन पर डा. लवकेश अग्रवाल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर गीतांजलि कंसल, बबीता मित्तल, सीमा गर्ग, संजीव पुंडीर, श्वेता गर्ग, निशा जैन, पिंकी गर्ग, दीपिका गर्ग, कमलेश गर्ग व निशा त्यागी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
![]()











