पानीपत। हरियाणा के पानीपत शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नौवीं कक्षा का एक छात्र अपने बैग में एयर गन लेकर पहुंच गया। बैग में पिस्तौल जैसी वस्तु देखकर सहपाठी घबरा गए। विद्यार्थियों ने तुरंत शिक्षकों को इसकी जानकारी दी। स्कूल प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी।
सहपाठियों की नजर बैग में रखी एयर गन पर पड़ी
जानकारी के अनुसार, छात्र रोजाना की तरह स्कूल पहुंचा था। उसके बैग में एयर गन रखी हुई थी। जब अन्य विद्यार्थियों ने बैग में पिस्तौल जैसी चीज देखी तो वे डर गए। उन्होंने बिना देर किए शिक्षकों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद स्कूल में हलचल मच गई और शिक्षकों ने स्कूल प्रबंधन को पूरे मामले से अवगत कराया।
पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो मिली एयर गन
सूचना मिलने पर पुलिस टीम स्कूल पहुंची और छात्र के बैग की जांच की। तलाशी के दौरान उसमें एयर गन बरामद हुई। पूछताछ में छात्र ने पुलिस को बताया कि वह एयर गन कबाड़ी की दुकान से उठाकर लाया था।
कबाड़ी की दुकान से लाने का दावा
पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि छात्र के बैग से एयर गन मिली है। छात्र ने पूछताछ में इसे कबाड़ी की दुकान से लाने की बात कही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एयर गन कबाड़ी की दुकान पर कैसे पहुंची और छात्र इसे स्कूल क्यों लेकर आया था।
स्कूलों में सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
स्कूल परिसर में इस तरह की वस्तु पहुंचने की घटना ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, फिलहाल छात्र की मंशा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]()











