सफीदों, (एस• के• मित्तल) : महिला अग्रवाल वैश्य समाज की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सुशीला सर्राफ ने संगठन में पदाधिकारियों की नियुक्तियां शुरू कर दी है। इस कड़ी में संगठन में सक्रिय भागीदारी के चलते सफीदों की डिंपल सिंगला को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से सफीदों के अग्रबंधुओं में खुशी की लहर है और उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। समाज के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला की अनुशंसा पर जारी नियुक्ति पत्र में प्रदेशाध्यक्ष सुशीला सर्राफ ने डिंपल सिंगला से अपेक्षा जताई है कि वे पहले की तरह संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़कर समाज के हित में कार्य करेंगी और संगठन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। नवनियुक्त प्रदेश सचिव डिंपल सिंगला ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला व महिला प्रदेशाध्यक्ष सुशीला सर्राफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के सिद्धांतों और उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि समाज की अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जाए, ताकि वे सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा सकें। डिंपल सिंगला ने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है और संगठन इस दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी और समाज के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।
![]()











