नवसंवत्सर व नवरात्र पर श्री सुंदरकांड पाठ आयोजित

4
Sundarkand Path

भक्तों ने भजनों के माध्यम से हनुमान जी को रिझाया

सफीदों (एस• के• मित्तल) : भारत विकास परिषद सर्पदमन शाखा द्वारा नवसंवत्सर एवं नवरात्र के अवसर पर नगर के श्री गीता मन्दिर प्रांगण में भव्य श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में नगर के सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में बतौर अतिथि समाजसेवी रामेश्वर दास गुप्ता, अनिल जिंदल व अखिल गुप्ता ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संजीव दीवान ने की। कार्यक्रम में श्री हरी संकीर्तन मण्डल, सफीदों की टीम ने सुंदरकांड पाठ का गुणगान किया। सुंदरकांड के माध्यम से भक्तों ने हनुमान जी को रिझाने का प्रयास किया। भजनों की धून पर भक्तजन मंत्रमुग्ध हो गए। अपने संबोधन में मुख्यातिथि रामेश्वर दास गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि समाज में सामूहिक भक्ति और एकता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने उपस्थित भक्तों से आह्वान किया कि वे अपनी भक्ति भावनाओं को सच्चे मन से निभाएं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें। अपने संबोधन में संस्था के अध्यक्ष संजीव दीवान ने श्रद्धालुओं को नवसंवत्सर व नवरात्र की बधाई देते हुए कहा कि संस्था द्वारा इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते हैं ताकि समाज में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल स्थापित हो। इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में धार्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में मदद करते हैं। इस मौके पर पुरुषोत्तम शर्मा, हरिओम वशिष्ठ, हरीश वशिष्ठ, उमेश दीवान, विकास जिंदल, उमा वर्मा, रुचि कंसल, मंजु गुप्ता, रितु भाटिया, निशांत माटा, जय भगवान कटारिया, अमित गुप्ता, सतीश शर्मा, अजय सिंगला, प्रवीण मघान व युवराज सोनी मौजूद थे।

Loading