सफीदों खंड के गांव कलावती में हुआ रात्रि ठहराव कार्यक्रम
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सफीदों उपमंडल के गांव कलावती के शहीद एसपीओ कप्तान सिंह राजकीय प्राथमिक पाठशाला में रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान जन समस्याएं सुनी। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में 50 से ज्यादा शिकायतें एवं जनसमस्याएं प्राप्त हुई, इनमें से अधिकतर का मौके पर निपटारा किया गया। कार्यक्रम में जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह भी मौजूद रहे। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा रात्रि ठहराव कार्यक्रम किये जा रहे है, यह एक अच्छी पहल है, जिसमें ग्रामीणों को सीधे जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों से संवाद का बेहतरीन अवसर मिलता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन साधारण से उनके घर द्वार जाकर जनसमस्याएं जानना, समझना और उनका यथासंभव समाधान करना है। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सप्ताह के प्रत्येक सोमवार तथा वीरवार को जिला मुख्यालय एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर निरन्तर आयोजित किये जा रहे है। साथ ही हर महीना जिला के किसी भी चयनित एक गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। इन दोनों कार्यक्रमों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते है, जिससे ऐसी समस्या जो अन्तर विभागीय स्तर की है, उसका भी निपटान संभव हो जाता है। डीसी ने तमाम अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर और रात्रि ठहराव कार्यक्रम में आने वाली समस्याओं को हल्के में ना लें, बल्कि अपनी कार्यकुशलता और विभागीय निपुणता के आधार पर उनका समाधान करना अपनी जिम्मेदारी समझें। डीसी ने यह भी बताया कि इन दोनों कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग स्वयं माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की जा रही है, किसी भी समस्या के समाधान में बरती गई कोताही के लिए सम्बन्धित अधिकारी जवाबदेह होगा। इस मौके पर ग्राम पंचायत द्वारा भी डीसी के समक्ष खेल स्टेडियम निर्माण, स्कूल में सौलर प्लेट तथा गांव के फिरनी पक्की करवाने बारे आवेदन किया गया, डीसी ने पंचायत द्वारा रखी सभी मांगों पर गंभीरता से सुनवाई की और उन्हें पूरा करवाने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में गांव के होनहार बच्चों कुश्ती की नैशनल सिल्वर मैडलिस्ट खिलाड़ी काजल पुत्री चरण सिंह, कुश्ती में स्टेट सिल्वर मैडलिस्ट मुस्कान पुत्री जितेंद्र, स्टेट लेवल में नृत्य में अच्छा प्रदर्शन करने पर कोमल पुत्री पवन को डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने मामेंटो देकर बच्चों का हौंसला बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत द्वारा डीसी मोहम्मद इमरान सहित अन्य अधिकारियों को मोमेंटो देकर भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर एसपी कुलदीप सिंह, एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, सीटीएम मोनिका रानी, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डीएसपी सफीदों गौरव शर्मा, सरपंच मोनिका, पूर्व सरपंच बलराज कुंडू, सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
![]()











