कुसुम होटल के पास हुआ था विवाद, टांगों व कमर पर किए गए हमले; उपचार के दौरान हुई मौत
जींद : शादी समारोह के दौरान हुए झगड़े में एक युवक की मौत के मामले का खुलासा करते हुए सीआरएसयू पुलिस चौकी की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सदर जींद के प्रभारी पीएसआई मनीष कुमार ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को पुलिस चौकी सीआरएसयू को सूचना मिली थी कि गांव बराह खुर्द निवासी विकास की कुसुम होटल, जींद के पास हुए झगड़े में लगी गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। मृतक के भाई अरविंद ने अपने बयान में बताया कि वह अपने भाई के साथ अपने चाचा के बेटे की शादी में कुसुम होटल में आए हुए थे। इसी दौरान सतीश, अमन व अन्य व्यक्तियों ने किसी बात को लेकर उसके भाई के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। आरोपियों ने विकास की टांगों और कमर पर गंभीर वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया और बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अरविंद के बयान के आधार पर थाना सदर जींद में हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी सीआरएसयू की इंचार्ज महिला उपनिरीक्षक राजेश कुमारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी सतीश व अमन निवासी बराह खुर्द को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
![]()











