पाकिस्तान और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार बंद हों: अरविंद शर्मा

2
Minority Rights
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : विश्व हिंदू परिषद जिला सलाहकार अरविंद शर्मा ने पाकिस्तान और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों पर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष अन्नालेना बेयरबॉक को एक विस्तृत पत्र भेजा है। इसमें पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदू, सिख, बौद्ध और ईसाई समुदायों के खिलाफ उत्पीड़न, जबरन धर्मांतरण और हिंसा के मामलों को उजागर किया गया है। पत्र में विशेष रूप से पाकिस्तान के सिंध प्रांत का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि नाबालिग लड़कियों के जबरन धर्मांतरण और विवाह के मामलों में चिंताजनक वृद्धि हुई है। इन घटनाओं में अधिकतर पीड़ित हिंदू और ईसाई समुदाय से संबंधित हैं। साथ ही, यह भी आरोप लगाया गया है कि कई मामलों में स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों की प्रतिक्रिया पर्याप्त नहीं रही। इसी प्रकार, बांग्लादेश में भी धार्मिक अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और भेदभाव की घटनाओं का जिक्र किया गया है। अरविंद शर्मा ने मांग की है कि इन मामलों की निष्पक्ष अंतरराष्ट्रीय जांच कराई जाए, पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और संबंधित देशों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए सख्त कानूनी उपाय लागू करने पर भी जोर दिया गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए ठोस कदम उठाए, ताकि प्रभावित समुदायों के जीवन, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Loading