राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों क्षेत्र के गौभक्तों द्वारा गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गौ संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पार्षद एवं नंदीशाला संचालक दीपक चौहान ने की। ज्ञापन देने से पूर्व सैंकड़ों गौभक्त नगर के ऐतिहासिक नागक्षेत्र हॉल में एकत्रित हुए और वहां से शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सीधे मिनी सचिवालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने तहसीलदार राजेश गर्ग को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौ हित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। इनमें सबसे प्रमुख मांग गौ माता के लिए उचित अनुसंधान, संवर्धन और सरकारी अनुदान सुनिश्चित करने की है। इसके अलावा देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और इस संबंध में राष्ट्रीय स्तर पर कठोर कानून बनाने की मांग भी की गई। अपने संबोधन में दीपक चौहान ने कहा कि गौमाता को राष्ट्र गौधन, राष्ट्रमाता, राष्ट्र धरोहर, राष्ट्र देव और राष्ट्र आराध्य का दर्जा दिया जाए तथा उन्हें मौलिक अधिकार प्रदान किए जाएं। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित गौचारण भूमि को कब्जा मुक्त करवाकर गौशालाओं को सौंपी जाए, ताकि सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गौवंश को आश्रय मिल सके। दीपक चौहान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन माह के भीतर इन मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो जिला स्तर पर भी इसी प्रकार के ज्ञापन सौंपे जाएंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर गुरुकुल कालवा के संचालक आचार्य राजेंद्र, दीपक राणा, सन्नी सैनी, अनिल कालवा, अमित मलिक, दीपक आर्य, सागर, कपिल शर्मा, ईश्वर आर्य, संदीप प्रजापत, राजेश चौहान और गौरव सहित बड़ी संख्या में गौभक्त मौजूद रहे।
![]()











