गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर कुछ युवकों द्वारा चलती कारों से खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि ब्रेजा कारों में सवार युवक तेज रफ्तार के बीच जिगजैग ड्राइविंग करते नजर आए। इतना ही नहीं, चलती कार की खिड़कियां खोलकर बाहर झुकते हुए उन्होंने सड़क पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान भी जोखिम में डाल दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटनाक्रम देर शाम एक्सप्रेसवे के व्यस्त हिस्से में हुआ, जहां वाहनों की आवाजाही लगातार बनी हुई थी। युवकों ने कई किलोमीटर तक तेज रफ्तार में कारें दौड़ाईं और एक-दूसरे के बेहद करीब गाड़ियां चलाकर स्टंट किए। इस दौरान कई वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े, जिससे हादसे की आशंका पैदा हो गई।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सोशल Media पर नाराजगी जाहिर करते हुए ऐसे स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि एक्सप्रेसवे जैसी व्यस्त सड़कों पर इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती हैं।
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर किए गए इन खतरनाक करतबों ने सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना खुद के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा साबित हो सकता है।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित वाहनों और युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
![]()











