66,500 रुपए की नकली करेंसी बरामद
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सीआईए स्टॉफ सफीदों की टीम ने एक युवक को भारी मात्रा में नकली भारतीय करेंसी सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ सफीदों कि ईचांर्ज राधेश्याम ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक टीम एएसआई जलौरा सिंह के नेतृत्व में गांव हरीगढ़ बस अड्डा क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक नकली नोट लेकर गांव बागडु खुर्द से सरफाबाद की तरफ जाने वाली सड़क पर किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये अनुसार एक युवक दिखाई दिया, जो पुलिस वाहन को देखकर घबराकर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू करके नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम रितेश उर्फ देवा निवासी गांव सांघी (रोहतक) बताया। तलाशी लेने पर आरोपी की लोवर की जेब से 500-500 रुपए के कुल 133 नकली नोट बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना सदर सफीदों में मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
![]()









