युवाओं में राष्ट्रभावना और आत्मरक्षा का होगा विकास: अरविंद शर्मा
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : युवाओं में राष्ट्रभावना, अनुशासन और संगठनात्मक कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में प्रांतीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 3 से 10 जून तक किया जाएगा। यह शिविर अंबाला के साहा क्षेत्र स्थित नंदलाल गीता विद्या मंदिर, गांव तेपला में आयोजित होगा, जहां प्रदेशभर से युवा भाग लेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला सलाहकार अरविंद शर्मा ने बताया कि बजरंग दल द्वारा प्रतिवर्ष इस प्रकार के शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रधर्म के प्रति जागरूक करना, संगठन का विस्तार करना तथा उनमें सेवा, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान आत्मरक्षा के गुर, अनुशासन, टीम वर्क, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की कला के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं सामाजिक आंदोलनों में भागीदारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न गतिविधियां और प्रेरक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जो युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगे। अरविंद शर्मा ने बताया कि शिविर में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु 16 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से आह्वान किया कि वे इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करें। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
![]()











