गुरुग्राम की अरावली पहाड़ियों में मिला नर कंकाल, पास में खून के निशान मिलने से सनसनी

3
Aravalli Hills

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित अरावली पहाड़ियों में एक नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंकाल की हड्डियों से खाल पूरी तरह गायब थी। घटनास्थल के आसपास खून के छींटे भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कंकाल कितने समय पुराना है और उसकी पहचान क्या है।

फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से हड्डियों, मिट्टी और अन्य संभावित साक्ष्यों के नमूने एकत्र किए हैं। कंकाल को पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के कारण और समय का पता लगाया जा सके।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Loading