नूंह: नूंह जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। एसडीएम के निर्देश पर शहर में मुनादी कराकर रेहड़ी-फड़ी संचालकों और दुकानदारों को सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सड़क किनारे रखा सामान जब्त किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
इसके अलावा सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है, ताकि शहर में स्वच्छता बनाए रखी जा सके। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, पैदल यात्रियों को सुविधा देना और शहर को साफ-सुथरा रखना है। संबंधित विभागों को अभियान के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने व्यापारियों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।
![]()











