हरियाणा के सिरसा जिले में लोहगढ़ माइनर का लिंक चैनल टूटने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। चैनल टूटने के बाद बड़ी मात्रा में पानी खेतों में भर गया, जिससे करीब 15 एकड़ में खड़ी नरमे (कपास) की फसल जलमग्न हो गई। अचानक खेतों में पानी भरने से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय किसानों के अनुसार, जैसे ही लिंक चैनल टूटने की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत संबंधित सिंचाई विभाग और प्रशासन को सूचना दी। किसानों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे, जिसके कारण पानी लगातार खेतों में फैलता रहा और फसल को अधिक नुकसान हुआ। यह किसानों का आरोप है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बाद में विभागीय कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा टूटे हुए हिस्से की मरम्मत और पानी के बहाव को नियंत्रित करने का कार्य शुरू किया। साथ ही प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी खराब हुई फसल का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते चैनल की मरम्मत कर दी जाती, तो फसल को इतना नुकसान नहीं होता।
सिंचाई विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लिंक चैनल टूटने के कारणों का पता लगाया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया है। फिलहाल क्षेत्र में पानी निकासी और मरम्मत का कार्य जारी है।
![]()











