सफीदों, (एस• के• मित्तल) : राजकीय महाविद्यालय में अंग्रेजी विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, इंटरव्यू स्किल्स एवं कम्युनिकेशन स्किल्स इम्प्रूवमेंट कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला कॉलेज की इंग्लिश लैंग्वेज लैब में आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की उपप्राचार्या डॉ. सरला सेहरावत ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संचार कौशल और इंटरव्यू में आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला की मुख्य वक्ता डॉ. रुचि भारद्वाज ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक प्रभावशाली व्यक्तित्व केवल बाहरी रूप-रंग से नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, स्पष्ट अभिव्यक्ति और व्यवहारिक समझ से निर्मित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी। डॉ. भारद्वाज ने इंटरव्यू के दौरान अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण तकनीकों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू में सफल होने के लिए उम्मीदवार का आत्मविश्वास, बॉडी लैंग्वेज, आई कॉन्टैक्ट और उत्तर देने की शैली बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि इंटरव्यू के दौरान पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्नों का उत्तर किस प्रकार प्रभावी ढंग से दिया जाए, ताकि सामने वाले पर सकारात्मक प्रभाव पड़े। इसके साथ ही उन्होंने उचित वेशभूषा के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि इंटरव्यू के दौरान पहनावा भी व्यक्ति की पेशेवर छवि को दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि संचार कौशल को बेहतर बनाने के लिए नियमित अभ्यास, पढ़ने की आदत और आत्मविश्लेषण बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर रीनू देवी, डॉ. सुनील, डॉ. शंकर, मोहित बूरा, अंशुल तथा संदीप ढिल्लो सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
![]()











