पिस्टल के बल पर कार लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार कोर्ट में पेश करके सफीदों पुलिस ने लिया 3 दिन के रिमांड पर एक कार व पिस्टल बरामद

6
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों पुलिस ने पिस्टल के बल पर कार लूटने और अन्य वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्रवण निवासी गन्नौर (सोनीपत) और नरेंद्र निवासी ज्योति नगर (पानीपत) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि उनसे गहन पूछताछ कर अन्य मामलों का खुलासा किया जा सके। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि आरोपियों ने हाल ही में तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार और वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में तकनीकी सहायता अहम रही, क्योंकि लूटी गई कार में लगे जीपीएस सिस्टम के जरिए उनकी लोकेशन ट्रेस की गई और जींद क्षेत्र से उन्हें दबोच लिया गया। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने सबसे पहले सोनीपत से एक कार लूटी। इसके बाद उन्होंने पानीपत से एक कार किराए पर ली और उसी वाहन में सवार होकर सफीदों पहुंचे। यहां नई अनाज मंडी गेट के पास उन्होंने चालक पर पिस्टल की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया और कार लूटकर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में पानीपत के चौटाला रोड निवासी सतीश कुमार ने थाना शहर सफीदों में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और अंततः उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि कार लूट की वारदात के बाद आरोपियों ने एक और अपराध को अंजाम दिया। उन्होंने गांव बुड्ढाखेड़ा के पास एक सब्जी एवं फल विक्रेता को निशाना बनाया। आरोपियों ने हथियार दिखाकर उससे मारपीट की और उसके पास से मोबाइल फोन, करीब 4500 रुपये नकद, ब्लूटूथ डिवाइस, एटीएम कार्ड और एक डायरी छीनकर फरार हो गए। इस मामले में गांव बुड्ढाखेड़ा निवासी सुखबीर ने थाना सदर सफीदों में शिकायत दी थी। उसने बताया कि एक अगस्त की सुबह करीब 4:45 बजे वह गांव जयपुर के पास था, तभी एक स्विफ्ट कार में सवार दो युवकों ने उसे रोका और हथियार के बल पर लूटपाट की। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। डीएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और कम समय में ही कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपियों ने किन-किन घटनाओं में संलिप्तता रही तथा उनके अन्य साथी कौन-कौन हैं।

Loading