15 अगस्त को भव्य रूप में मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस : एसडीएम पुलकित मल्होत्रा समारोह की तैयारियों को लेकर एसडीएम ने ली अधिकारियों की बैठक

4
Independence Day
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल स्तर पर इस वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह को सफल और यादगार बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और समर्पण को याद करने का पावन अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि समारोह अनुशासित, भव्य और प्रेरणादायक बन सके। एसडीएम ने विशेष रूप से आयोजन स्थल रामलीला मैदान में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और चिकित्सा सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां तैयार कराई जाएं, ताकि समारोह में राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई दे। इसके साथ ही परेड, ध्वजारोहण और अन्य कार्यक्रमों के लिए पूर्वाभ्यास भी निर्धारित समय पर करवाने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि इस राष्ट्रीय पर्व में आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गईं और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर तहसीलदार राजेश गर्ग, नायब तहसीलदार संजय पाराशर, पिल्लूखेड़ा के नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार, बीडीपीओ सफीदों जयपाल, बीडीपीओ पिल्लूखेड़ा प्रवीण कुमार, कृषि विभाग के एसडीओ सुशील कुमार, बिजली विभाग के एसडीओ अंकुश गर्ग और सिंचाई विभाग के एसडीओ बिजेंद्र सिंह सहित उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading