राजकीय महाविद्यालय सफीदों में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस महाविद्यालय में चलाया गया पौधारोपण अभियान

7
Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : राजकीय महाविद्यालय सफीदों में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। ध्वजारोहण के बाद महाविद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और जोश का शानदार प्रदर्शन करते हुए परेड प्रस्तुत की तथा प्राचार्या को सलामी दी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पर्यावरण संरक्षण भी राष्ट्रसेवा का ही एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिवार के सदस्यों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद विद्यार्थियों एवं स्टाफ के बीच लड्डू वितरित कर आजादी के पर्व की खुशियां साझा की गईं।

Loading