सफीदों में भव्य रूप से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी

3
Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों की नई अनाज मंडी में उपमंडल स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इससे पूर्व एसडीएम ने नागक्षेत्र के समीप स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, हरियाणवी और पंजाबी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पीटी शो, डंबल शो और योग प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने अनुशासन और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। वहीं स्वतंत्रता सेनानियों की वीरांगनाओं, युद्ध वीरांगनाओं और उनके परिजनों को सम्मानित करके उनका आशीर्वाद लिया। इसके अलावा परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पीटी, डंबल व योग प्रदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, तात्यां टोपे, शहीद उधम सिंह, मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई सहित तमाम वीरों को नमन किया। एसडीएम ने कहा कि विविधता में एकता, मूल्यों और संविधान के प्रति अटूट आस्था ने भारत को विश्व के सबसे बड़े और मजबूत लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की नींव रखी थी, वह समय के साथ और मजबूत हुई है। उन्होंने हरियाणा की वीरता और स्वतंत्रता आंदोलन में प्रदेश के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। एसडीएम ने युवाओं से नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Loading