सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के खानसर चौक स्थित स्वामी निगमबोध तीर्थ स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा गौसेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने मुख्यातिथि तथा राजपुरोहित पुरुषोत्तम कौशिक ने विशिष्टातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश गोयल ने की। स्कूल की प्रिंसिपल रुचि कंसल ने मुख्यातिथि व विशिष्टातिथि का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि श्रवण कुमार गर्ग द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। जैसे ही तिरंगा लहराया, पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएं और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर स्वतंत्रता दिवस के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। मुख्यातिथि श्रवण कुमार गर्ग ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार अपनाने और देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। विशिष्टातिथि पुरुषोत्तम कौशिक ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
![]()











