डाक कांवड़ को लेकर दो पक्ष आमने-सामने गांव बहादुरपुर में पथराव से फैला तनाव

3
Bahadurpur
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव बहादुरपुर में डाक कांवड़ को लेकर दो समुदायों के युवाओं के बीच विवाद के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सोमवार रात एक दुकान पर 10-15 युवकों द्वारा कथित तौर पर पथराव किए जाने से दुकान के शीशे टूट गए। इस दौरान दुकान पर आए पूर्व सरपंच संदीप की बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना में नेत्रपाल को चोटें आने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि विवाद डाक कांवड़ को लेकर दो समुदायों के युवाओं के बीच शुरू हुआ। रात की घटना के बाद मंगलवार सुबह भी दोनों पक्षों के युवाओं के आमने-सामने होने की स्थिति बनी रही। इस दौरान कुछ युवाओं के लाठी-डंडे लेकर दौड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। वहीं, गांव बहादुरपुर निवासी अनिकेत ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 17 अगस्त की रात वह नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने गांव लौट रहा था। रेलवे स्टेशन के पास गांव के तीन युवकों ने उसे रोककर उस पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने लाठी-डंडों और तेजधार हथियार से उस पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल अनिकेत को उपचार के लिए सफीदों के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जींद रेफर कर दिया। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
बाक्स:
क्या कहते हैं एसएचओ
इस मामले में सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है और गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Loading