सफीदों के जनक मलिक ने जीता नेशनल ग्रेपलिंग चैंपियनशिप का गोल्ड गांव लौटने पर ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत

5
Janak Malik
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों उपमंडल के गांव रामनगर निवासी युवा खिलाड़ी जनक मलिक ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए छठी नेशनल ग्रेपलिंग चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित रोशनाबाद के वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में हिस्सा लिया। जनक मलिक ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय ग्रेपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से किया गया था। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में जनक ने पूरे आत्मविश्वास और दमखम के साथ मुकाबले खेले। शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से सफीदों क्षेत्र और गांव रामनगर में खुशी का माहौल है। रविवार को जब जनक मलिक स्वर्ण पदक के साथ अपने गांव रामनगर पहुंचे तो परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने जनक की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी सफलता से गांव के अन्य युवाओं को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। स्वागत के दौरान जनक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। जनक मलिक ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत के साथ-साथ विशेष रूप से अपने पिता जगमेर मलिक को दिया। उन्होंने बताया कि उनके पिता सामान्य किसान परिवार से होने के बावजूद हमेशा उनके खेल के प्रति समर्पण को समझते रहे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया। आर्थिक और अन्य चुनौतियों के बावजूद पिता ने बेटे के सपने को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। जनक ने बताया कि ग्रेपलिंग के क्षेत्र में वह इससे पहले भी जिला और प्रदेश स्तर की कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए विशेष उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है तथा अब उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतना है। जनक मलिक ने कहा कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मिली सफलता के बाद अब और अधिक मेहनत करेंगे। उनका सपना ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने कहा कि वह अगले ही दिन से अपने लक्ष्य की तैयारी में जुट जाएंगे और उन्हें पूरा विश्वास है कि एक दिन वह ओलंपिक में भी गोल्ड मेडल जीतकर अपने गांव और देश का नाम रोशन करेंगे।

Loading