जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल से गुंज उठा समूचा सफीदों
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : गुरूद्वारा सिंघ सभा सफीदों मंडी के तत्वावधान में गुरू नानक देव जन्मोत्सव बुधवार को नगर में बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर निकाले गए विशाल नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की। संगत के वाहेगुरु और जो बोले सो निहाल के जयकारे के साथ समूचा सफीदों गूंज उठा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी व पंच प्यारों पर फूलों की वर्षा की गई। विभिन्न समुदायों के लोगों ने श्री गुरू ग्रंथ साहिब की पालकी साहिब के आगे माथा टेका और गुरू महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर कीर्तन ऐतिहासिक गुरूद्वारा सिंह साहिब से प्रारंभ होकर रेलवे रोड़ होते हुए शहर की मुख्य सड़कों पर निकाला गया। इस बीच कई सामाजिक संगठनों ने संगतों को भव्य स्वागत किया तथा विभिन्न स्थानों पर उन्हे जलपान करवाया। इसमें सिख समुदाय के पुरूषों महिलाओं ने श्री ग्रंथ साहब की पालकी के आगे झाडू लगाकर रास्ता साफ करते हुए सेवा की। इस दौरान फलों का प्रसाद बांटा गया और विशाल लंगर लगाया गया। कार्यक्रम में ढाड़ी जत्थे ने पहुंचकर गुरूवाणी का पाठ करके समूह संगत को निहाल किया। वहीं गतका पार्टी ने नगर कीर्तन के दौरान हैरतअंगेज कारनामे दिखाए।
![]()











