पंचकूला में समन तामील कराने गए होमगार्ड पर हमला, मोबाइल से सिर पर वार कर वर्दी फाड़ने का आरोप; युवक काबू

3
Panchkula Home Guard Attack

पंचकूला : इंदिरा कॉलोनी में कोर्ट का समन तामील कराने गई पुलिस टीम के एक होमगार्ड ड्राइवर पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने होमगार्ड के साथ गाली-गलौज और हाथापाई करते हुए उसकी वर्दी के बटन तोड़ दिए और मोबाइल फोन से सिर पर कई वार किए। घायल होमगार्ड को सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-16 पुलिस चौकी में तैनात 35 वर्षीय होमगार्ड मोहित कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह साथी होमगार्ड साहिल कुमार और श्याम पंडित के साथ सरकारी वाहन से इंदिरा कॉलोनी गया था। पुलिस टीम CJM कोर्ट पंचकूला से जुड़े एक मामले में अमित नाम के व्यक्ति को समन तामील कराने पहुंची थी।

लेबर चौक के पास गली संकरी होने के कारण सरकारी वाहन को सड़क पर खड़ा करना पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम पैदल गली के अंदर जाने लगी। आरोप है कि इसी दौरान सामने से आए 28 वर्षीय युवक जगत सिंह ने पुलिसकर्मियों को देखकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।

मोहित के अनुसार पुलिस टीम आगे बढ़ी तो आरोपी पीछे से वापस आया और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगा। आरोप है कि उसने मोहित की वर्दी खींची, जिससे ऊपर के दो बटन टूट गए।

साथी पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो युवक ने अपने हाथ में मौजूद मोबाइल फोन से मोहित के सिर के बाईं ओर कई वार कर दिए। हमले में होमगार्ड के सिर से खून निकलने लगा और मोबाइल की स्क्रीन भी टूट गई। शिकायत में पेट और छाती पर मुक्के मारने तथा हाथ पर काटने का आरोप भी लगाया गया है।

घटना के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को काबू किया गया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा आरोपी के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिसकर्मियों ने उसे भीड़ से निकालकर सरकारी वाहन में बैठाया और सेक्टर-16 पुलिस चौकी ले गए।

घायल मोहित को उपचार के लिए सेक्टर-6 सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल जांच में उसके सिर पर तीन चोटें बताए जाने की जानकारी सामने आई है। सिर में टांके भी लगाए गए हैं।

होमगार्ड ने आरोप लगाया है कि घटना के समय युवक नशे की हालत में था। हालांकि आरोपी के नशे में होने की पुष्टि मेडिकल जांच और पुलिस की जांच के आधार पर ही होगी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और मारपीट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनाक्रम, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Loading