रेवाड़ी : जिले के गांव डुंगरवास में सरकारी कैंप और ग्राम सभा के रजिस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड नंबर-3 के पंच प्रदीप कुमार ने ग्राम सचिव पर ग्रामीणों से कथित तौर पर खाली रजिस्टर में हस्ताक्षर करवाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि रजिस्टर में पंचों के हस्ताक्षर के लिए निर्धारित स्थान पर भी अन्य लोगों से साइन करवाए गए। पंच ने मौके की वीडियो बनाने की बात भी कही है।
दूसरी ओर गांव के सरपंच विपिन कुमार ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि एडीसी कार्यालय से मिले निर्देशों के तहत गांव में कैंप लगाया गया था, जहां परिवार पहचान पत्र सहित ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जा रहा था।
पंच प्रदीप कुमार के अनुसार रविवार रात सरपंच विपिन कुमार ने उन्हें फोन कर सोमवार को ग्राम सभा आयोजित किए जाने की जानकारी दी थी। प्रदीप का कहना है कि उन्होंने इतने कम समय के नोटिस पर ग्राम सभा बुलाने को लेकर आपत्ति जताई थी। उसी रात गांव में मुनादी कराकर अगले दिन कैंप आयोजित होने की सूचना भी दी गई।
बताया गया कि कैंप में परिवार पहचान पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और ग्रामीणों की समस्याओं से जुड़े मामलों का समाधान किया जाएगा।
प्रदीप कुमार का आरोप है कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे जब वह कैंप स्थल पर पहुंचे तो वहां गांव का चौकीदार और ग्राम सचिव मौजूद थे। उनके मुताबिक कैंप में पहुंचने वाले ग्रामीणों से एक रजिस्टर में हस्ताक्षर करवाए जा रहे थे।
पंच का दावा है कि उस समय रजिस्टर में ग्राम सभा की कार्रवाई या प्रस्ताव दर्ज नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन स्थानों पर पंचों के हस्ताक्षर होने थे, वहां भी कैंप में आए अन्य लोगों से कथित तौर पर हस्ताक्षर करवाए गए। प्रदीप के अनुसार उस समय मौके पर गांव का कोई अन्य पंच मौजूद नहीं था।
प्रदीप कुमार का कहना है कि उन्होंने इस प्रक्रिया का विरोध किया और मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी। उनका आरोप है कि विरोध के बाद ग्राम सचिव ने उसी रजिस्टर में कार्रवाई लिखनी शुरू की।
कुछ समय बाद सरपंच विपिन कुमार भी मौके पर पहुंचे। पंच का आरोप है कि उन्होंने सरपंच से संबंधित रजिस्टर दिखाने को कहा, लेकिन उन्हें रजिस्टर नहीं दिखाया गया। प्रदीप ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पंच का कहना है कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि ग्रामीणों से किस उद्देश्य से हस्ताक्षर करवाए गए थे और हस्ताक्षर लिए जाने के समय रजिस्टर में क्या दर्ज था। उन्होंने मौके पर बनाई गई वीडियो और संबंधित रजिस्टर की भी जांच कराने की मांग की है।
मामले को लेकर ग्रामीणों की ओर से मंगलवार को जिला उपायुक्त से शिकायत करने की बात कही गई है। शिकायत में संबंधित वीडियो और अन्य तथ्यों को प्रशासन के सामने रखने की तैयारी है।
वहीं सरपंच विपिन कुमार ने कहा कि कैंप एडीसी कार्यालय के निर्देश पर आयोजित किया गया था। कैंप का उद्देश्य ग्रामीणों की सरकारी योजनाओं, परिवार पहचान पत्र और अन्य समस्याओं का समाधान करना था। उन्होंने पंच की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि कैंप निर्धारित निर्देशों के तहत ही लगाया गया था।
फिलहाल दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। पंच की ओर से लगाए गए खाली रजिस्टर में हस्ताक्षर कराने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित रजिस्टर, वीडियो और प्रशासनिक रिकॉर्ड की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]()











