हिसार : बरवाला में बस स्टैंड के बाहर मुख्य सड़क पर बस खड़ी कर सवारियां बैठाने और उतारने वाले सरकारी व निजी बस चालकों के खिलाफ पुलिस अब सख्ती बरतेगी। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए एसपी सिद्धान्त जैन ने सभी बस चालकों और परिचालकों को निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर ही सवारियां बैठाने और उतारने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के संज्ञान में आया है कि बरवाला में कुछ सरकारी और निजी बस चालक निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाने के बजाय मुख्य सड़क पर ही बस रोक देते हैं। कई बार सवारियों के इंतजार में बसें काफी समय तक सड़क पर खड़ी रहती हैं। इससे दूसरे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति बन जाती है।
पुलिस के मुताबिक मुख्य सड़क पर बसें खड़ी होने से यातायात बाधित होता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। विशेष रूप से बस स्टैंड के आसपास वाहनों और यात्रियों की आवाजाही अधिक रहने के कारण सड़क पर बस रोकना यातायात व्यवस्था के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट किया है कि बरवाला रूट पर चलने वाली सभी बसें निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर ही यात्रियों को बैठाएं और उतारें। मुख्य सड़क पर बस खड़ी कर यात्रियों का इंतजार करने या सवारियां एकत्रित करने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई बस चालक मुख्य सड़क पर अनावश्यक रूप से बस खड़ी कर यातायात बाधित करता पाया गया तो उसके खिलाफ यातायात नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सरकारी बसों के साथ निजी बस संचालकों को भी इन निर्देशों का पालन करने को कहा है। चालकों और परिचालकों को सुनिश्चित करना होगा कि यात्रियों को निर्धारित स्थान से ही बस में बैठाया और उतारा जाए।
एसपी ने बस चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बैठाने के लिए मुख्य सड़क पर बस रोकने की जरूरत नहीं है। निर्धारित बस स्टैंड का इस्तेमाल करने से यात्रियों की सुरक्षा के साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी नहीं होगी।
हिसार पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि कोई भी बस चालक मुख्य सड़क पर बस रोककर सवारियां एकत्रित न करे। इसके अलावा यात्रियों के इंतजार में बस को अनावश्यक समय तक सड़क पर खड़ा रखने से भी बचना होगा।
पुलिस का कहना है कि इन निर्देशों का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि बस स्टैंड क्षेत्र में जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना भी है।
अब यातायात पुलिस ऐसे बस चालकों पर नजर रखेगी जो निर्धारित बस स्टैंड का इस्तेमाल करने के बजाय मुख्य सड़क पर बस रोकते हैं। नियमों का उल्लंघन कर यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
![]()











