करनाल हाईवे पर रेलिंग पर चढ़कर पलटी क्रेटा, कार सवार दो लोग घायल

3
Karnal news

करनाल। नेशनल हाईवे पर एनबीजीआर बलड़ी बाइपास और आईटीआई के बीच कुरुक्षेत्र से करनाल की ओर आ रही एक क्रेटा कार डिवाइडर से टकराकर रेलिंग पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे में कार सवार दोनों लोगों को चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एएसआई जगमिंद्र सिंह के अनुसार, कार के आगे एक ट्रक चल रहा था। ट्रक के अचानक एक ओर आने पर कार चालक ने ब्रेक लगाए। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार रेलिंग पर चढ़कर पलट गई। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

दुर्घटना देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में किसी की जान नहीं गई।

कार रेलिंग पर फंस गई थी। उसे हटाने के लिए पुलिस ने हाइड्रा और क्रेन मंगवाई। इनकी मदद से क्षतिग्रस्त कार को नीचे उतारकर सर्विस रोड के किनारे खड़ा किया गया। कार हटाने के दौरान हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हुई और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्थित कर रास्ता खुलवाया।

पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सावधानी से गाड़ी चलाने की अपील की है।

Loading