मुरथल में कार की टक्कर से घायल व्यक्ति की तीन दिन बाद मौत, पहचान अब भी नहीं

2
Sonipat

सोनीपत के मुरथल में जीटी रोड पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को कार ने टक्कर मार दी। घायल को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तीन दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अब तक मृतक की पहचान नहीं कर सकी है। कार चालक भी हादसे के बाद वाहन समेत मौके से निकल गया था। मुरथल थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शांति नगर, मुरथल निवासी अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 19 सितंबर की रात करीब आठ बजे कुराड़ बाईपास की ओर जा रहा था। झीलमिल ढाबे के सामने उसने एक व्यक्ति को सड़क पार करते देखा। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आई कार ने उस व्यक्ति को टक्कर मार दी। अमित का आरोप है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चला रहा था। टक्कर के बाद व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक वहां नहीं रुका।

मौके से गुजर रहे लोगों ने घायल को मुरथल के पार्क निदान अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को उसी दिन हादसे की सूचना मिली थी। अगले दिन, 20 सितंबर को, एएसआई सुमित पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मेडिकल रिकॉर्ड प्राप्त किया। पुलिस ने घायल का बयान लेने के लिए डॉक्टर से अनुमति मांगी, लेकिन डॉक्टर ने उसकी हालत बयान देने योग्य नहीं बताई। पुलिस ने उसकी पहचान कराने का प्रयास भी किया, पर सफलता नहीं मिली।

अस्पताल से 22 सितंबर को घायल की मौत की सूचना मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। अमित ने 24 सितंबर को पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत और उपलब्ध मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125-ए और 106 के तहत अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और कार तथा उसके चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। मृतक की पहचान भी अभी तक नहीं हो पाई है।

Loading