स्वास्थ्य जांच शिविर में छात्राओं को दी एनीमिया से बचाव की जानकारी

3
Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के सरला मेमोरियल राजकीय कन्या महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ, रेडक्रॉस एवं एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच शिविर एवं स्वास्थ्य, पोषण और एनीमिया जागरूकता विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बलवान सिंह ने की। स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान विद्यार्थियों की ऊंचाई एवं वजन मापने के साथ-साथ बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) की भी जांच की गई। जांच के आधार पर विद्यार्थियों को उनके स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर काऊंसलर कुशलवीर ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, एनीमिया से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए केवल बीमारी से बचाव ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दैनिक जीवन में पोषणयुक्त भोजन, नियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति सजगता को भी अपनाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पोषण संबंधी उचित आदतें विकसित करने तथा अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य प्रोफेसर बलवान सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही अपनी शिक्षा और अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

Loading