सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर एनएसएस एवं पर्यावरण क्लब के संयुक्त तत्वावधान में प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया ने की। कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने प्लास्टिक मुक्त जागरूकता रैली निकाली। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने, विशेष रूप से एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने की प्रतिज्ञा भी दिलवाई गई। इस अवसर पर पर्यावरण क्लब की संयोजिका साजिया ने कहा कि प्लास्टिक आज पर्यावरण के सामने बड़ी चुनौतियों में से एक है। प्लास्टिक कचरा मिट्टी, जल और जीव-जंतुओं के लिए नुकसानदायक है। इसके बढ़ते उपयोग को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। इस मौके पर डॉ. सरला सहरावत, डॉ. जयविंद्र शास्त्री, डॉ. शंकर, रमित, अरित्रा मंडल, सरबजीत कौर, ज्योति कंवल, डॉ. रुचि भारद्वाज व अंशुल विशेष रूप से मौजूद रहे।
![]()











