हांसी में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौत; तीनों शादीशुदा थे

2
Hansi Bike Accident

हांसी : नारनौंद-मिर्चपुर मार्ग पर बागा मुर्गी फार्म के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हांसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान गांव ईटल निवासी विजय कुमार (32), खेड़ी जालब निवासी कपिल (30) और खेड़ी लोहचब निवासी मोहित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कपिल और मोहित एक बाइक पर जींद से अपने गांव लौट रहे थे। विजय अपनी बाइक से ईटल की ओर जा रहे थे। वह बरवाला के सरकारी अस्पताल में इलेक्ट्रीशियन थे।

पुलिस के मुताबिक, बागा मुर्गी फार्म के पास दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मिर्चपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों को अस्पताल भिजवाया।

जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल विजय के अनुसार, तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना कैसे हुई, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

हादसे की खबर मिलते ही तीनों के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार, तीनों युवक शादीशुदा थे। विजय के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब चार साल और एक साल है। कपिल का एक बेटा है, जबकि मोहित के दो बेटे हैं।

विजय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी चार बहनें हैं और सभी की शादी हो चुकी है। पुलिस पोस्टमॉर्टम और जांच की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Loading